नयी दिल्ली , मई 28 -- म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग पांच दिन की आधिकारिक यात्रा पर शनिवार को यहां पर आ रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 03 जून तक होने वाली इस यात्रा में श्री ह्लाइंग के साथ एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा, जिसमें कई कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और व्यापार जगत के प्रमुख शामिल होंगे।
राष्ट्रपति के रूप में श्री ह्लाइंग की यह भारत की पहली यात्रा होगी।
वह एक जून को प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोनों देशों के ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर चर्चा करेंगे। वह एक व्यापार मंच की बैठक में भी भाग लेंगे।
यात्रा के हिस्से के रूप में राष्ट्रपति ह्लाइंग शनिवार को बोधगया और दो जून को मुंबई की यात्रा भी करेंगे, जहां वह व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे और विभिन्न स्थलों का दौरा करेंगे।
म्यांमार भारत की 'पड़ोसी पहले' 'एक्ट ईस्ट' और 'महासागर' नीतियों के केन्द्र में है और राष्ट्रपति ह्लाइंग की की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों के और अधिक सुदृढ़ तथा गहन होने की आशा है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री ह्लाइंग को एक जून को 'इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस समिट' में भाग लेने के लिए भारत आना था लेकिन अफ्रीकी देशों में स्वास्थ्य संबंधी विशेष स्थिति को देखते हुए इस सम्मेलन को टाल दिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित