पुणे , अगस्त 03 -- मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले चार दिनों के लिए पूरे महाराष्ट्र में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कोंकण तट तथा मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों के हिस्सों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है।
विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया है और मौसम का पूर्वानुमान जारी करने के बाद कुछ जिलों के अधिकारियों ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण तटीय क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और विदर्भ के हिस्सों में आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
कोंकण और घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। शेष महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। विदर्भ के कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि बारिश का मौजूदा दौर अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है।
अधिकारियों ने कहा कि महाराष्ट्र में जून में सामान्य वर्षा की केवल 53 प्रतिशत ही बारिश हुई थी। पूरे देश में इस महीने के दौरान अपनी औसत वर्षा की केवल 40 प्रतिशत बारिश ही दर्ज की गयी है। कुल मिलाकर, राज्य में जून में लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक बारिश की कमी दर्ज की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित