चंडीगढ़ , जून 15 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के विकास नगर, मौली जागरां में रविवार देर रात को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां नाता नाम से पहचाने जाने वाले एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसका दोस्त आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत में हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10 से 12 हमलावरों ने दोनों युवकों पर अचानक हमला कर दिया। हमले में नाता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आकाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित