पटना , अप्रैल 28 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय के सहायक कुल सचिव मो. सनाउल्लाह खान को दो लाख पचास हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी रामानन्द महतो ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि सहायक कुल सचिव मो. सनाउल्लाह खान के द्वारा समस्तीपुर स्थित केआरसी -402 एवं 403 में नामांकित सभी छात्रों का परीक्षाफल प्रकाशित होने के बाद उक्त दोनों केआरसी के छात्रों का प्रैक्टिकल मार्क्स नहीं चढ़ा हुआ था, सभी छात्रों का परीक्षाफल में प्रैक्टिकल का मार्क्स चढ़ाते हुए लंबित परीक्षाफल प्रकाशित करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक एवं अनुसंधानकर्ता श्याम बाबू प्रसाद नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया। धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त मो. सनाउल्लाह खान को दो लाख पचास हजार रूपये रिश्वत लेते हुए मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय, मीठापुर स्थित उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित