चंडीगढ़ , मार्च 07 -- पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने बागवानी अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जिला स्तरीय बागवानी नर्सरियों में अधिकतम संख्या में गुणवत्तापूर्ण पौधों का उत्पादन सुनिश्चित किया जाये, ताकि किसानों को समय पर उच्च गुणवत्ता वाले पौधे उपलब्ध कराये जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र के दौरे करने, किसानों से सीधे संवाद करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।

शनिवार को यहां जारी बयान अनुसार श्री भगत ने अधिकारियों को बागवानी नर्सरियों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तुरंत एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया, ताकि जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाये जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरे हों। किसानों को दी जा रही सब्सिडी से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सब्सिडी के सभी लंबित मामलों का त्वरित निपटान किया जाये, ताकि किसानों को बिना किसी देरी के लाभ मिल सके।

अपने हालिया महाराष्ट्र दौरे का जिक्र करते हुए, श्री भगत ने उस राज्य के बागवानी मॉडल पर भी चर्चा की और कहा कि पंजाब में भी बागवानी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन प्रथाओं के साथ और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंजाब को एक मजबूत बागवानी राज्य के रूप में विकसित करना है और इसके लिए अधिकारियों को स्पष्ट लक्ष्यों के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि बागवानी क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है और अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित