चंडीगढ़ , मई 08 -- पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शुक्रवार को कहा कि मोहाली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आप अपना घर संभाल नहीं पा रही, लेकिन हर बात के लिए भाजपा को दोष देती है। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में श्री जाखड़ ने कहा कि ईडी की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। लेकिन जिस तरह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली रेड की खबर सामने आते ही जल्दबाजी में कहा कि "हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है", उससे मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष अमन अरोड़ा के रिश्तों की हकीकत सामने आ गई है।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष के बीच तनाव एक मई को हुई कैबिनेट बैठक में भी दिखाई दिया था। श्री जाखड़ ने आरोप लगाया कि उस बैठक में अमन अरोड़ा और संजीव अरोड़ा का विशेष तौर पर अपमान किया गया।
भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान से साफ है कि आप के भीतर मतभेद काफी गहरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि शायद मुख्यमंत्री नहीं चाहते कि पार्टी में कोई ऐसा नेता रहे जो भविष्य में उनके लिए चुनौती बन सके। उन्होंने कहा कि आप नेता चाहे जितना दावा करें कि उनका रेड में शामिल लोगों से कोई संबंध नहीं है, लेकिन अब तक सामने आए तथ्यों से इन लोगों के संबंध आप नेताओं, यहां तक कि मुख्यमंत्री कार्यालय तक से जुड़े दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब पिछले चार वर्षों में हुई कथित लूट का हिसाब मांग रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित