चंडीगढ़/ मोहाली , मार्च 02 -- पंजाब के मोहाली में स्पेशल कैडर अध्यापक फ्रंट ने नियमितीकरण की मांग को लेकर सोमवार को यहां विद्या भवन के बाहर विशाल धरना प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी अध्यापकों का आरोप है कि प्रशासन लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी कर रहा है और उन्हें नियमित करने के संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में शिक्षक एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

धरने के बाद अध्यापकों ने मुख्यमंत्री के आवास की ओर कूच करने का एलान किया। जैसे ही प्रदर्शनकारी चंडीगढ़ की ओर बढ़ने लगे, मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर पहले से तैनात पुलिस ने अवरोधक लगाकर उन्हें रोक लिया। इस दौरान शिक्षकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित