मोहाली , अक्टूबर 07 -- पंजाब के मोहाली में बुधवार को एक बार फिर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ई-मेल के जरिए फेज-6 स्थित शिवालिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित कर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी तलाश अभियान शुरू किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मोहाली के फेज-6 के अलावा अन्य कुछ स्कूलों में भी सुरक्षा जांच की जा रही है।

एरिया डीएसपी ने अभिभावकों से न घबराने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। वहीं, धमकी की सूचना के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित