चंडीगढ़ , मई 06 -- पंजाब में सोहाना इलाके में एक गुरुद्वारे के पास श्री गुटका साहिब की कथित बेअदबी की घटना के बाद मोहाली के कुछ हिस्सों में तनाव फैल गया। इसके विरोध में सिख समुदाय के लोगों ने दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर एयरपोर्ट रोड पर अस्थायी रूप से चक्का जाम कर दिया।
स्थानीय स्रोतों के अनुसार, यह घटना तब सामने आयी, जब गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास स्थित माता गुजरी देवी गुरुद्वारे के एक सेवादार ने सड़क पर श्री गुटका साहिब के फटे पन्ने पड़े देखे।
इसकी खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई, जिससे बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गये और सिख संगत में भारी रोष व्याप्त हो गया।
उत्तेजित स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एयरपोर्ट रोड को जाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और घटना की गहन जांच की मांग की।मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि यह कृत्य सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की जानबूझकर की गयी साजिश का हिस्सा हो सकता है। कुछ लोगों ने दावा किया कि श्री गुटका साहिब पास के गुरुद्वारा सिंह शहीदां में रखे जाते हैं और संदेह जताया कि फटे हुए पन्ने वहीं के हो सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों से यह जांच करने का आग्रह किया कि फटे पन्ने वहां कैसे पहुंचे और इस कृत्य के पीछे कौन लोग हैं?स्थिति बिगड़ने के तुरंत बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मोहाली सिटी-2 के पुलिस उपाधीक्षक हरसिमरन सिंह बल ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि सख्त कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित