मोहाली , जुलाई 30 -- पंजाब के मोहाली के पॉश इलाके फेज-3बी1 स्थित रोज गार्डन के मुख्य गेट पर बने वेरका बूथ में नाबालिग चोर गिरोह ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने बूथ का शटर तोड़कर नकदी महंगा सामान और खाने-पीने की वस्तुएं चोरी कर लीं। जाते समय उन्होंने सबूत मिटाने के लिए कुछ सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए जबकि कुछ कैमरे उखाड़कर अपने साथ ले गए। पीड़ित पक्ष ने मटौर थाना पुलिस को शिकायत दी है लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
बूथ संचालकों ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों ने पहले दिन में पार्क में बैठकर रेकी की और रात को उस समय वारदात की जब रोज गार्डन से लोगों की आवाजाही खत्म हो गई। चोर चॉकलेट, घी के डिब्बे, बिस्कुट समेत अन्य सामान भी साथ ले गए।
पीड़ितों का आरोप है कि घटना स्थल के पास पुलिस नाका और पीसीआर की नियमित गश्त रहती है इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
उनका यह भी कहना है कि शिकायत करने के बावजूद भी कोई पुलिस का बड़ा अधिकारी समय पर नहीं पहुंचा वेरका बूथ पर जो काम करते है उन कर्मचारियों के मुताबिक कुछ दिन पहले भी यहां से सामान छीने जाने की घटना हुई थी लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से अब चोरी जैसी बड़ी वारदात हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित