मोहाली , मार्च 23 -- पंजाब के मोहाली जिले में मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत डोसाँझ के म्यूजिक कॉन्सर्ट की नकली टिकटें बेचकर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस मामले में एक महिला सहित कई लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायतकर्ता निखिल गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी महिला सिमरन और उसके साथियों ने 14 दिसंबर 2024 को चंडीगढ़ में आयोजित दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए उन्हें टिकटें उपलब्ध कराने का दावा किया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि टिकट पूरी तरह असली हैं और सीमित संख्या में उपलब्ध हैं। इस पर विश्वास करते हुए शिकायतकर्ता ने आरोपियों को करीब साढ़े तीन लाख रुपये दे दिए।
हालांकि, जब कॉन्सर्ट का समय नजदीक आया और टिकटों की जांच की गई, तो पता चला कि सभी टिकटें फर्जी हैं। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि एक संगठित गिरोह लोगों को बड़े कार्यक्रमों और कॉन्सर्ट के नाम पर निशाना बना रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों की भी पहचान की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी कॉन्सर्ट या बड़े कार्यक्रम की टिकट खरीदते समय केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित