मोहली , मार्च 28 -- पंजाब के मोहाली में नगर निगम की तह-बजारी टीम द्वारा सड़कों पर किये गये अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एक बार फिर टीम ने सड़क किनारे लगे छोटे-छोटे कारोबारियों का सामान जब्त किया। यह अभियान पिछले कई महीनों से लगातार चलाया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान तह-बजारी इंस्पेक्टर मनदीप ने किसी भी तरह की सिफारिश नहीं मानी, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि वे सड़क किनारे केवल अपनी रोजी-रोटी के लिए छोटे-मोटे काम करते हैं और इससे किसी को कोई परेशानी नहीं होती। उनका यह भी कहना है कि वे गरीब परिवारों से संबंध रखते हैं और महंगे किराये पर दुकान या बूथ लेना उनके बस में नहीं है।
इस दौरान एक हैरान कर देने वाला मामला भी सामने आया। एक व्यक्ति नाई से बाल कटवा रहा था, तभी तह-बजारी टीम मौके पर पहुंच गयी। उसके आधे बाल ही कटे थे कि टीम ने उसे कुर्सी से उठाकर नाई का सामान जब्त कर लिया। उस व्यक्ति ने गुहार लगाई कि पहले उसे बाल पूरे कटवाने दिये जायें, लेकिन टीम ने उसकी एक नहीं सुनी।
इस घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोग जहां हैरान रह गये।वह व्यक्ति आधे कटे बालों के साथ सिर पर कपड़ा बांधकर वहां से जाने को मजबूर हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित