मोहाली , मार्च 3 -- हरियाणा में मोहाली के थाना फेज-1 पुलिस ने एक कत्ल की गुत्थी को महज बारह घंटे में सुलझाते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस और एसपी (सिटी) दिलप्रीत सिंह के दिशा-निर्देशों तथा डीएसपी सिटी-1 पृथ्वी सिंह चाहल की देखरेख में की गई।

जानकारी के अनुसार गांव मोहाली स्थित प्लॉट नंबर 10बी के मालिक दीपक खन्ना ने पुलिस को सूचना दी कि उनके किरायेदार आनंद सिंह (निवासी उत्तराखंड) के कमरे में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है।

मृतक की पहचान दयाल सिंह के रूप में हुई, जो आनंद सिंह का चचेरा भाई था और पिछले कुछ महीनों से उनके साथ रह रहा था।

जांच में सामने आया कि दयाल सिंह अक्सर शराब के नशे में आनंद सिंह की बेटी के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता था। इस बात से आनंद का बेटा मनीष परेशान था। 1 और 2 मार्च की दरम्यानी रात इसी मुद्दे पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि गुस्से में मनीष ने अपने साथी दीपक कुमार और कुलवंत सिंह को बुलाया और तेजधार हथियार से दयाल सिंह की छाती पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को 2 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। 3 मार्च को दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पूछताछ जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित