मोहाली , जुलाई 29 -- पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने बुधवार को मोहाली की बदहाल सफाई व्यवस्था और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि गंदगी और बदबू के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और नागरिक नारकीय परिस्थितियों में जीवन जीने को मजबूर हैं।
श्री सिद्धू ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी और मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने साफ-सुथरे और विकसित मोहाली का वादा किया था, लेकिन आज शहर गंदगी के ढेरों और बदबू के लिए जाना जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मोहाली के विधायक, मेयर और पंजाब में सरकार तीनों ही आम आदमी पार्टी के हैं, तो शहर की इस स्थिति की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपनी जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए। पूर्व मंत्री ने कहा कि सेक्टर-66 और आसपास के क्षेत्रों में आवारा पशु खुलेआम सड़कों पर घूम रहे हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गयी है। उन्होंने दावा किया कि अपने कार्यकाल के दौरान इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने एक गौशाला का निर्माण कराया था, ताकि आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थान मिल सके और शहर की सड़कें उनसे मुक्त रहें। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह ने गौशाला के निर्माण पर सवाल उठाए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद भी इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया।
श्री सिद्धू ने कहा कि कूड़े के ढेरों से उठ रही बदबू, मक्खियों और मच्छरों की बढ़ती संख्या के कारण बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद सरकार और नगर निगम के अधिकारी इस समस्या के समाधान के लिए गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति आम आदमी पार्टी के कथित 'बदलाव' की वास्तविक तस्वीर पेश करती है और जनता अब केवल वादे नहीं, बल्कि साफ-सफाई और जवाबदेह प्रशासन चाहती है।
उन्होंने पंजाब सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़े के ढेर नहीं हटाये गये और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर इस मुद्दे पर व्यापक आंदोलन करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित