एसएएस नगर (मोहाली) , मई 10 -- पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलबीर सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी पर मोहाली नगर निगम चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने राज्य चुनाव आयुक्त से तुरंत हस्तक्षेप कर कथित फर्जी वोटों को रद्द करने की मांग की है।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिद्धू ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर मोहाली नगर निगम पर कब्जा करना चाहती है, जिसके लिए हर वार्ड में लगभग 300 फर्जी वोट तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों को मोहाली शहर का मतदाता दिखाने के लिए बड़े पैमाने पर फर्जी किरायानामा तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में अलग-अलग वार्डों के लिए बने किरायानामों का प्रारूप एक जैसा है और उन पर एक ही सत्यापन प्राधिकारी के हस्ताक्षर हैं, जिससे साफ है कि ये दस्तावेज एक ही स्थान पर तैयार किए गए हैं।
उदाहरण देते हुए सिद्धू ने कहा कि वार्ड नंबर 42 में 304 नए वोट जोड़े गए हैं, जिससे मतदाताओं की संख्या 678 से बढ़कर 982 हो गई। उन्होंने दावा किया कि वार्ड नंबर 5 में भी बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनाए जा रहे हैं, जहां आम आदमी पार्टी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की पत्नी को उम्मीदवार बनाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में नगर निगम सीमा में शामिल आईटी सिटी वार्ड में भी बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनाए जा रहे हैं।
सिद्धू ने आरोप लगाया कि कई कथित मतदाताओं की वोटर सूची में तस्वीरें तक नहीं लगी हैं, जिससे आशंका है कि ये वोट कोई और डाल सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ घरों में 20 से अधिक वोट दर्ज किए गए हैं। कांग्रेस नेता ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए कहा कि वह सोमवार को पूरे मामले को राज्य चुनाव आयुक्त के सामने रखेंगे और तत्काल कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान किसी वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में विशेष जांच कराई जाए।
सिद्धू ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता "साम, दाम, दंड, भेद" की राजनीति अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की हत्या बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ने पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित