मोहाली , जून 28 -- उत्तराखंड के कर्णप्रयाग मारपीट मामले में जमानत पर रिहा होकर पंजाब लौटे निहंग सिंहों के स्वागत समारोह के दौरान रविवार को मोहाली के सोहाना स्थित गुरुद्वारा सिंह शहीदां में हंगामा हो गया। समारोह के बीच एक व्यक्ति ने निहंग बाबा जसदीप सिंह पर हमला करने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद निहंग सिंहों और समर्थकों ने आरोपी को तुरंत काबू कर लिया।
स्वागत समारोह में रिहा होकर लौटे निहंग सिंहों को सिरोपा भेंट किया जा रहा था और संगत की ओर से जयकारे लगाए जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति अचानक आगे आया और बाबा जसदीप सिंह के साथ हाथापाई का प्रयास किया। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
यह विवाद 16 जून को उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में शुरू हुआ था। हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंगों की बाइक बाजार में खड़ी एक कार से टकरा गई थी। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें कई स्थानीय लोग घायल हुए। पुलिस ने चार निहंगों को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित