मोहाली , सितंबर 03 -- पंजाब कैडर के 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी वरुण शर्मा ने गुरुवार को मोहाली के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। मोहाली पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया तथा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
कार्यभार संभालने के बाद श्री शर्मा ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी, संगठित अपराध तथा ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़े मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए।
श्री शर्मा इससे पहले पटियाला के एसएसपी के पद पर तैनात थे। पंजाब सरकार की ओर से किए गए आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के तहत उन्हें मोहाली की कमान सौंपी गई है।
मोहाली में बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे शहरी विस्तार के बीच नए एसएसपी के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने, साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कसने की चुनौती रहेगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि पुलिसिंग में जनता का विश्वास बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और संवेदनशील मामलों में त्वरित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित