मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी , अगस्त 06 -- छत्तीसगढ़ के मानपुर-मोहला-आम्बागढ़-चौकी जिला पुलिस इकाई द्वारा नक्सल पीड़ित परिवारों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं के तहत निरंतर राहत और आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। इसी कड़ी में, आज दिनांक 06 अगस्त 2026 को एक नक्सल पीड़ित परिवार को बड़ी राहत प्रदान करते हुए 15 लाख रुपये की केंद्रीय सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

दिनांक 22 मार्च 2010 को थाना मानपुर के अंतर्गत ग्राम सुडियाल में एक नक्सली घटना को अंजाम दिया गया था। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में नक्सलियों द्वारा श्री गंगा राम जी की उनके घर के सामने ही हत्या कर दी गई थी। शासन की 'केंद्रीय सहायता योजना' के अंतर्गत स्व. गंगा राम की पत्नी, रामसो बाई को कुल 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी.सिंह (भा.पु.से.) द्वारा हितग्राही रामसो बाई को उनके सुरक्षित भविष्य और आर्थिक संबल को ध्यान में रखते हुए यह सहायता राशि सौंपी गई। इस कुल राशि का वितरण दो रूपों में किया गया है। 12 लाख रुपये का फिक्स डिपॉजिट एवं 3 लाख रुपये का चेक दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित