लखनऊ , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों, नीट परीक्षा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि मोहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। शांति भंग करने वालों पर कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराए में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की। उन्होंने एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन, नई परम्परा की शुरुआत तथा कानफोड़ू डीजे, ढोल-ताशों के अनियंत्रित प्रयोग की अनुमति नहीं होगी।

योगी ने कहा कि ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए, ताकि दुर्घटना से बचा जा सके। सभी की आस्था का सम्मान किया जाए, लेकिन नई परम्परा का सृजन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। इस वर्ष 'स्वस्थ आयु के लिए योग' थीम के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 21 जून को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का प्रदेशभर में सीधा प्रसारण सुनिश्चित किया जाए। सभी पुलिस लाइन्स एवं पीएसी बटालियनों को योग दिवस कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। हर जनपद में सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं। उन्होने 20 जून को नगर विकास, ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा शिक्षण संस्थानों के सहयोग से विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में जिन जनपदों की स्थिति संतोषजनक नहीं है, वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं। फील्ड में अधिकारियों की तैनाती केवल मेरिट के आधार पर की जाए। समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों और परीक्षाओं को शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने पर जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित