चंडीगढ़ , अक्टूबर 18 -- हरियाणा लोक उद्यम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने सफीदों स्थित अनाज मंडी का निरीक्षण कर फसल खरीद, उठान और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से खरीद प्रक्रिया और मंडी में फसलों की आवक की जानकारी ली।
श्री बडोली ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में फसलों की खरीद सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने खरीदी गई फसलों का समय पर उठान कराने और मंडी परिसर में अनाज जमा न होने देने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोपरि है और खरीद प्रक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जानी चाहिए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, खरीद एवं उठान की नियमित निगरानी रखने और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।
श्री बडोली ने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार फसल की सुचारू खरीद और समय पर उठान सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी गंभीरता और जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि मंडी में किसानों को पर्याप्त सुविधाएं मिल सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित