नयी दिल्ली , जून 23 -- कांग्रेस ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी को 'दोहरा मापदंड अपनाने के बजाय' मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष तथा व्यापक जांच करनी चाहिये।
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के खिलाफ 253 एकड़ भूमि के घोटाले सहित कई अन्य आरोप लग रहे हैं।
उन्होंने सवाल किया कि विपक्षी नेताओं के मामलों में सक्रिय रहने वाले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का इस्तेमाल डॉ यादव के खिलाफ क्यों नहीं किया जा रहा।
श्री वेणुगोपाल ने कहा कि जांच एजेंसियों का उपयोग सिर्फ राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया जाता है, जबकि सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों पर लगने वाले आरोपों के मामलों में कार्रवाई नहीं होती।
उन्होंने कथित उज्जैन भूमि घोटाले, अयोध्या में राम मंदिर के दान कोष की अनियमितताओं और असम के मुख्यमंत्री तथा उनके परिवार से जुड़े लोगों के कथित भ्रष्टाचार के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में जनता जवाबदेही तथा न्याय चाहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित