बैतूल , अक्टूबर 31 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बैतूल में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने इस दौरान 107 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
डॉ. यादव ने कार्यक्रम में प्रदेश के 3.69 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों के बैंक खातों में 30 करोड़ 21 लाख रुपये की बोनस राशि अंतरित की। इसके अलावा वन क्षेत्रों के प्रबंधन के लिए छह करोड़ 35 लाख रुपये की लाभांश राशि भी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसके हक का पैसा सीधे बैंक खाते में पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने बैतूल नगर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए 50 करोड़ रुपये तथा हाट बाजार और गीता भवन के निर्माण के लिए 18 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने सातलदेही-देहगुड़-मांडवी मार्ग और झल्लार-आमला मार्ग के चौड़ीकरण के लिए लगभग 47-47 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। कृषि एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए चार नए जलाशयों के निर्माण पर 36 करोड़ रुपये तथा रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना के लिए 154 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में सातलदेही और टेकरी बैराज के निर्माण की भी घोषणा की गई।
डॉ. यादव ने सरकारी स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। वहीं, खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए इनडोर और आउटडोर स्टेडियम तथा आधुनिक फुटबॉल टर्फ सहित अन्य कार्यों पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए बैतूल में जनजातीय संग्रहालय, ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में सफारी गेट और तीन करोड़ रुपये की लागत से तितली पार्क बनाने की घोषणा की। मध्यप्रदेश के शिमला कहे जाने वाले कुकुरू में पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए 15 करोड़ 52 लाख रुपये के कार्यों का शुभारंभ भी किया गया। यहां निजी क्षेत्र की भागीदारी से कॉफी के बागान विकसित करने की योजना भी है।
औद्योगिक विकास के तहत बैतूल और मुलताई में 24 करोड़ रुपये की लागत से नए कारखाने स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 85 हजार से अधिक सरकारी पदों पर भर्ती की जा चुकी है और आगामी समय में एक लाख नई नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें पुलिस विभाग के करीब 18 हजार पद भी शामिल हैं।
उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप देने, बोर्ड परीक्षाओं में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान करने, लाड़ली बहना योजना और शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत की वृद्धि जैसी योजनाओं और घोषणाओं का भी उल्लेख किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित