मिर्जापुर , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को चुनार स्थित अडगडानंद आश्रम पहुंच कर संत अड़गड़ानंद का आशीर्वाद लिया और सत्संग में शामिल हुए।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर में आश्रम पहुंचने पर संतों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने संत अड़गड़ानंद से व्यक्तिगत रूप से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया और सत्संग हाल में आम नागरिकों के बीच करीब एक घंटे तक प्रवचन सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि "स्वत्त्व से देवत्व की प्राप्ति होती है" और संतों के सान्निध्य से आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि संत समाज को जागरूक करने के साथ जीवन जीने की कला सिखाते हैं।

मोहन यादव ने कुंभ मेला का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रयागराज महाकुंभ से प्रेरणा लेकर उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाला कुंभ मेला भव्य और ऐतिहासिक बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित