कैमूर , अक्टूबर 28 -- बिहार के कैमूर जिले में मोहनियां थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा उत्पाद चेकपोस्ट पर अवैध वसूली करने और ट्रक चालक को धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के पचरुखिया निवासी अनिल कुमार (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

कैमूर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, से आज जारी सूचना के अनुसार, 27 अक्टूबर को शाम करीब 5:10 बजे मोहनियां थाना पुलिस की संध्या गश्ती के दौरान वरीय पदाधिकारी के माध्यम से सूचना मिली कि झारखंड के बोकारो मंडी थाना क्षेत्र के मेडिकल चौराहा निवासी राज सिंह राणा, जो अपने 12 चक्का आईसर ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 36 टी-2708) से आ रहे थे, से मोहनियां टोल प्लाजा उत्पाद चेकपोस्ट पर एक व्यक्ति पांच हजार रुपये की अवैध मांग कर रहा है।

आरोप है कि चालक ने 2,500 रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी उसे धमकी दी गई कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसे ट्रक के चक्के के नीचे सुलाकर कुचल दिया जाएगा।

सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस शाम करीब 5:20 बजे चेकपोस्ट पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। इसके बाद राज सिंह राणा के बनाए गए वीडियो का सत्यापन करने पर पकड़े गए व्यक्ति की पहचान की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित