मुंबई , सितंबर 05 -- मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एल367' के आधिकारिक नाम की घोषणा कर दी गई है। नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक विष्णु मोहन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का नाम 'ऑपरेशन गंगा-ए नेशन्स प्रॉमिस' रखा गया है।

फिल्म की कहानी भारत के ऐतिहासिक रेस्क्यू मिशन 'ऑपरेशन गंगा' पर आधारित है। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों, खासकर छात्रों को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए यह अभियान चलाया गया था। फिल्म इसी साहसिक मिशन की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी।

फिल्म में मोहनलाल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ अर्जुन रामपाल, भाग्यश्री बोर्से, आदिल हुसैन और पार्थिबन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

फिल्म की तकनीकी टीम में 'पुष्पा' और 'पुष्पा 2' के सिनेमैटोग्राफर मिरोस्लाव कुबा ब्रोजेक, प्रोडक्शन डिजाइनर राजीवन और एक्शन डायरेक्टर सी यंग ओह शामिल हैं। संगीत शाश्वत सचदेव तैयार कर रहे हैं, जबकि संपादन शमीर मोहम्मद और साउंड डिजाइन बिश्वदीप चटर्जी संभाल रहे हैं। वीएफएक्स की जिम्मेदारी के. वी. संजीत के पास है।

'ऑपरेशन गंगा' का निर्माण गोकुलम गोपालन, श्री गोकुलम मूवीज के बैनर तले कर रहे हैं। बैजू गोपालन और वी. सी. प्रवीण सह-निर्माता हैं, जबकि कृष्णमूर्ति कार्यकारी निर्माता हैं। फिल्म की टीम में सैन्य सलाहकार स्क्वाड्रन लीडर वरलिन पंवार समेत कई अनुभवी तकनीशियन भी शामिल हैं।

फिल्म के जरिए भारत के एक महत्वपूर्ण और सफल रेस्क्यू अभियान की कहानी को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित