नयी दिल्ली , जुलाई 20 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत और मोल्दोवा के कारोबारियों के बीच सहयोग का आह्वान करते कहा है कि मोल्दोवा की कंपनियों के लिए भारत में व्यापार और निवेश की अपार संभावनाएं हैं। मोल्दोवा की यात्रा पर गई राष्ट्रपति मुर्मु ने सोमवार को चिशिनाउ में राष्ट्रपति माया सांडू के साथ भारत-मोल्दोवा बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत व्यापार और निवेश के लिए मोल्दोवा की कंपनियों को "अच्छे व्यावसायिक अवसर" प्रदान करता है और "पारदर्शी तथा निवेशक-अनुकूल कारोबारी वातावरण" उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोनों देशों के कारोबारियों से आर्थिक सहयोग को और गहरा करने का आह्वान किया।
श्रीमती मुर्मु ने कहा कि भारत और मोल्दोवा के बीच 1992 से राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से गर्मजोशी पूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं तथा दोनों देशों की साझेदारी परस्पर सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और शांति, विकास तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि जब भारत विकसित राष्ट्र 2047 के अपने दृष्टिकोण की ओर आगे बढ़ रहा है, तब वह विश्वास और साझा समृद्धि पर आधारित साझेदारियों की तलाश कर रहा है। भारत को दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताते हुए उन्होंने कहा कि इसकी प्रगति उद्यमिता, डिजिटल परिवर्तन, विनिर्माण उत्कृष्टता तथा युवा एवं कुशल कार्यबल से प्रेरित है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि मोल्दोवा का सुधारोन्मुख दृष्टिकोण, रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, प्रतिभाशाली मानव संसाधन और यूरोपीय बाज़ारों के साथ बढ़ता एकीकरण उसे भारतीय कारोबारियों के लिए एक महत्वपूर्ण गंतव्य बनाता है। उन्होंने डिजिटल प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, फिनटेक, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, आधारभूत संरचना विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, औषधि, जैव प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाओं का उल्लेख किया।
श्रीमती मुर्मु ने कहा कि भारतीय कंपनियां मोल्दोवा की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं, जिनमें सौर ऊर्जा, बैटरी भंडारण, स्मार्ट ग्रिड, हरित हाइड्रोजन और अन्य स्वच्छ प्रौद्योगिकियां शामिल हैं, में भागीदारी करने की इच्छुक हैं। मोल्दोवा के कारोबारियों को भारत में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित करते हुए उन्होंने दोहराया कि भारत पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल कारोबारी वातावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भारतीय कारोबारियों से भी मोल्दोवा में अवसरों की तलाश करने का आग्रह करते हुए कहा कि उनका उद्यम, दूरदृष्टि और प्रतिबद्धता स्थायी आर्थिक साझेदारियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बिजनेस फोरम में होने वाली बातचीत नई साझेदारियों और नवाचारपूर्ण सहयोग की नींव रखेगी तथा भारत और मोल्दोवा के बीच आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
भारत और मोल्दोवा के प्रमुख कारोबारी प्रतिनिधि इस फोरम में भाग ले रहे हैं। वे कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, सूचना प्रौद्योगिकी, औषधि, स्वास्थ्य सेवा, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित