भदोही , नवंबर 02 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में मोबाइल हैक कर यूपीआई के माध्यम से बैंक खाते से 92,229 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक घंटे के भीतर तीन अलग-अलग लेनदेन के जरिए रकम निकाल ली। पीड़ित ने सुरियावां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सुरियावां थाना क्षेत्र के चक पड़री गांव निवासी धनंजय यादव का यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सियरहा शाखा, मोंढ़ में खाता है। पीड़ित का आरोप है कि उनका मोबाइल हैक कर यूपीआई के माध्यम से खाते से पहली बार 55 हजार रुपये, दूसरी बार 30 हजार रुपये और तीसरी बार 7,229 रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 92,229 रुपये की निकासी की गई।

लगातार तीन बार खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर धनंजय यादव को साइबर धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने सुरियावां थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कराकर ठगी में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और खाते से निकाली गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित