ग्वालियर , अक्टूबर 09 -- ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में मोबाइल हैक कर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने बिना किसी कॉल या संदेश और ओटीपी साझा किए बिना ही एक युवक के बैंक क्रेडिट कार्ड से तीन बार में एक लाख 60 हजार रुपये निकाल लिए। ठगी का पता बैलेंस की जांच करने पर चला, जिसके बाद पीड़ित ने खाता ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अब मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

आदित्यपुरम स्थित प्रीतम विहार कॉलोनी निवासी अनुपम मुद्गल (41) ने महाराजपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 9 फरवरी 2026 को उनके क्रेडिट कार्ड से तीन लेनदेन के जरिए रकम निकाली गई। पहले लेनदेन में एक लाख रुपये, दूसरे में 50 हजार रुपये और तीसरे में 10 हजार रुपये कट गए। पीड़ित के अनुसार, घटना से पहले उनका मोबाइल हैक हुआ था। उनके पास न तो कोई कॉल या संदेश आया और न ही उन्होंने किसी के साथ ओटीपी साझा किया।

ठगी का पता चलने पर अनुपम ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर ई-मेल के माध्यम से भी शिकायत की। साइबर क्राइम से मिले संदेश में उन्हें महाराजपुरा थाने में संपर्क करने के लिए कहा गया था। पीड़ित का आरोप है कि वह पहले दो बार थाने पहुंचे और एक आवेदन भी दिया, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने 8 अक्टूबर को फिर आवेदन दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित