भरतपुर , मई 09 -- राजस्थान में करौली में लोगों के मोबाइल हैक करके करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम देने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। साइबर थाना पुलिस द्वारा ऑपरेशन एंटी वायरस-2 के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने सवाई माधोपुर निवासी अंतर्राज्यीय साइबर ठग विष्णु मीना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के बैंक खाते से देश के 24 राज्यों में 520 साइबर शिकायतें जुड़ी मिली हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि केवल राजस्थान से ही इस खाते में नौ करोड़ 18 लाख रुपए से अधिक की ठगी की रकम जमा हुई।

पुलिस ने सम्भावना जताई है कि पूरे नेटवर्क की धोखाधड़ी कई करोड़ रुपयों तक पहुंच सकती है। आरोपी के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी तकनीकी तरीकों से लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल करके बैंकिंग जानकारी चुराते थे और फिर खातों से रकम स्थानांतरित कर लेते थे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी विष्णु मीना और उसके सहयोगी अनिल कुमार यादव ने चूरू में 'एके फैशन एंड गारमेंट' नाम से एक फर्जी फर्म बनाई थी। इसी फर्म के नाम पर एसबीआई बैंक में करंट अकाउंट खुलवाया गया था। यह बैंक खाता साइबर ठगी से आने वाली रकम जमा करने और उसे अलग-अलग खातों में स्थानांतरण करने के लिए इस्तेमाल किया जाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित