नोएडा , जून 04 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा पुलिस ने मोबाइल फोन छीनने, और चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 मोबाइल फोन, दो चाकू तथा दिल्ली से चोरी की गई एक स्कूटी बरामद की है।
पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए बताया कि 4 जुलाई को एच ब्लॉक क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान आरोपी रोहित कुमार, गौरव कुमार और रवेन्द्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों मिलकर भीड़भाड़ वाले इलाकों, मेट्रो स्टेशनों और बस स्टैंडों पर लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वहीं रात के समय सुनसान स्थानों पर राहगीरों से मोबाइल फोन स्नैचिंग करते थे।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी चोरी और स्नैचिंग के बाद मोबाइल फोन इकट्ठा कर लेते थे। इसके बाद वे राह चलते लोगों को अपनी मजबूरी का हवाला देकर बेहद कम कीमत पर मोबाइल बेच देते थे, जिससे चोरी के सामान को आसानी से खपाया जा सके। गिरोह लंबे समय से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार (28 वर्ष), गौरव कुमार (31 वर्ष) और रवेन्द्र (36 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों के रहने वाले हैं और वर्तमान में गाजियाबाद में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, रोहित बीए पास होकर प्लंबर का काम करता था, गौरव दसवीं पास है और हेलमेट बनाने वाली कंपनी में कार्यरत था, जबकि रवेन्द्र पांचवीं तक पढ़ा है और ई-रिक्शा चलाता था।
आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-63 थाना सहित अन्य थानों में चोरी, स्नैचिंग, चोरी की संपत्ति रखने, आयुध अधिनियम और अन्य धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। बरामद स्कूटी भी दिल्ली में दर्ज चोरी के एक मामले से संबंधित पाई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित