रायगढ़ , मार्च 15 -- छत्तीसगढ़ में स्थित रायगढ़ शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में बीते दिनों हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने चोरी किए गए 16 नग आईफोन की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है। मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 9 मार्च 2026 की रात गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी की घटना हुई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक, निवासी लक्ष्मीपुर, ने पुलिस को बताया कि वे रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो शोकेस में रखे मोबाइल अस्त-व्यस्त मिले। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर दुकान में घुसा और वहां से 16 आईफोन तथा काउंटर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली और साइबर टीम ने सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। मोबाइल की लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस रायपुर पहुंची, जहां आरोपी ट्रेन से रायगढ़ लौट रहा था। पुलिस ने चलती ट्रेन में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश चौहान (19), निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़, के रूप में हुई। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए जनवरी 2026 में बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21), निवासी सोनूमुड़ा, के पास से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ऐसे मामलों का जल्द खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित