हरिद्वार , फरवरी 23 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में चल रहे सत्यापन एवं सघन जांच अभियान के तहत सोमवार को पुलिस ने फर्जी दस्तावेज बनाने के बड़े खेल का पर्दाफाश करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।
आरोपी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में आधार कार्ड, मार्कशीट व अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रहा था।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश एवं एसएसपी नवनीत सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना सिडकुल पुलिस ने रावली महदूद स्थित पिपलेश्वर मंदिर के पास एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक युवक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से फर्जी आधार कार्ड, मार्कशीट व अन्य दस्तावेज तैयार करता हुआ पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुनीत कुमार निवासी ग्राम कासमाबाद, पोस्ट बुढनपुर, थाना स्योहरा, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में उसने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में काम करने आने वाले बाहरी राज्यों के लोगों को उत्तराखण्ड के स्थानीय दस्तावेजों की जरूरत होती थी, जिसके लिए वह आधार कार्ड में नाम-पता व उम्र में बदलाव कर प्रिंट निकालकर उपलब्ध कराता था।
पुलिस ने आरोपी की दुकान से एक लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, कलर प्रिंटर-स्कैनर, कीबोर्ड, चार आधार कार्ड (जिनमें दो कूटरचित) तथा हाईस्कूल अंकतालिका की नौ कूटरचित छायाप्रतियां बरामद की हैं। बरामद सामग्री के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित