अलवर , जुलाई 25 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में अलावड़ा गांव की चौमा ढाणी में शुक्रवार को मोबाइल पर बात करते समय कुएं की मुंडेर पर बैठा एक युवक अचानक संतुलन खोने से करीब 25 फुट गहरे कुएं में गिरने से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक कुएं की मुंडेर पर बैठकर मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कुएं में गिर गया। कुएं के अंदर से युवक की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए रस्सियों की सहायता से अभिषेक को बाहर निकाला।
हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई है। परिजन उसे तुरंत रामगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अलवर के जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल युवक का राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के ट्रॉमा वार्ड में उपचाररत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित