सेंट्रल नोएडा , अगस्त 18 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन झपटने और चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी एवं चोरी के 13 मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू, 2,000 रुपये नकद और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि, सेंट्रल नोएडा जोन की सेक्टर-63 थाना पुलिस टीम ने स्थानीय खुफिया और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बहलोलपुर अंडरपास से गढ़ी गोलचक्कर की ओर जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान धीरज पुत्र मनेश्वर मांझी और शिवा पुत्र कौशल चौहान के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
पूछताछ में आरोपियों से पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि वे राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनते थे। जब उनके पास काफी संख्या में मोबाइल फोन इकट्ठा हो जाते थे, तो उन्हें कम कीमत पर राह चलते लोगों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देते थे।
आरोपी केवल मोबाइल झपटमारी तक सीमित नहीं थे। वे सुनसान स्थानों पर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाते थे। आरोप है कि आरोपी वाहनों के शीशे तोड़कर अंदर रखा कीमती सामान, जिसमें मोबाइल फोन और लैपटॉप आदि शामिल हैं, चोरी कर लेते थे।
गिरफ्तार आरोपी धीरज मूल रूप से ग्राम गरखा, थाना गरखा, जिला छपरा, बिहार का निवासी है और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, नोएडा में रह रहा था।
दूसरा आरोपी शिवा ग्राम राजपुर कलां, जिला मैनपुरी का निवासी है और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, नोएडा में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13 मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल, दो हजार रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में भारतीय न्याय संहिता और 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा थाना फेस-3 में बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित