जशपुर , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की बगीचा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर लाखों रुपये की मोबाइल चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 47 मोबाइल फोन, 600 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार गत 21 जुलाई की रात से 22 जुलाई की सुबह के बीच थाना बगीचा क्षेत्र के बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पीछे स्थित कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर चोरों ने दुकान में रखे नए और पुराने कुल 93 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। चोरी गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 18.75 लाख रुपये बताई गई है।
दुकान संचालक जैद अली की शिकायत पर थाना बगीचा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से करीब 10 लाख रुपये कीमत के 47 मोबाइल फोन, 600 रुपये नगद और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। शेष मोबाइल फोन की बरामदगी और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बगीचा पुलिस ने अत्यंत प्रोफेशनल तरीके से कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित