खरगोन , मार्च 15 -- फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने वायरल गर्ल मोनालिसा को लेकर दावा किया है कि वह नाबालिग है और उसकी उम्र की जांच कराई जानी चाहिए।
श्री मिश्रा ने फोन पर चर्चा के दौरान कहा कि वह महेश्वर पहुंचकर मोनालिसा के परिजनों से मुलाकात कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनके महेश्वर आने का उद्देश्य मोनालिसा की वास्तविक उम्र सामने लाना है ताकि पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सके।
उन्होंने दावा किया कि महाकुंभ के समय मोनालिसा की उम्र लगभग 16 वर्ष थी और दस्तावेजों में बदलाव कर उसकी शादी कराई गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मेडिकल परीक्षण कराया जाना चाहिए, जिससे उसकी वास्तविक उम्र का पता चल सके।
श्री मिश्रा ने यह भी कहा कि इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी फिल्म को रोकने के लिए सुनियोजित तरीके से यह घटनाक्रम किया गया है।
उन्होंने बताया कि उनकी फिल्म "द डायरी ऑफ मणिपुर" लगभग 80 प्रतिशत पूरी हो चुकी थी और इसमें मोनालिसा की महत्वपूर्ण भूमिका थी। उनका कहना है कि इस घटनाक्रम से फिल्म की योजना पर असर पड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित