चेन्नई , जून 21 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और तमिलनाडु की विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने रविवार को एक सीफ़ूड निर्यात इकाई की झींगा प्रसंस्करण संयंत्र में अमोनिया गैस लीक होने से मारे गए कर्मचारियों के प्रति शोक व्यक्त किया। इस घटना में शरीर में ज़्यादा गैस पहुंचने से 60 से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।

एक्स पर एक पोस्ट में, श्री मोदी ने लिखा, "तमिलनाडु के तिरुवल्लूर ज़िले में एक हादसे में हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा हूँ।"विपक्ष के नेता और डीएमके के यूवा मोर्चा के नेता उदयनिधि स्टालिन ने अमोनिया गैस रिसाव की दुखद घटना में सात कर्मचारियों की मौत और कई लोगों के प्रभावित होने पर हैरानी एवं दुख व्यक्त किया।

उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों के प्रति दुख एवं संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से प्रभावित लोगों को उच्च गुणवत्ता वाला इलाज उपलब्ध कराने को सुनिश्चित करने का आग्रह किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने कहा कि सरकार को इस बात की जांच करनी चाहिए कि सभी सुरक्षा उपायों और एसओपी का पालन किया जा रहा है या नहीं, और ज़रूरत पड़ने पर नए एसओपी बनानी चाहिए।

उन्होंने एक्स पर लिखा कि कर्मचारियों के कल्याण एवं उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए।

पीएमके अध्यक्ष एमके अन्बुमणि रामदोस्स, जिनकी पार्टी अन्नाद्रमुक की सहयोगी है, ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि 'तिरुवल्लुर जिले के कन्निकाईपई गांव में संचालित एक निजी झींगा संसाधन संयंत्र में हुए अमोनिया गैस रिसाव से हुई मौतों की संख्या अब बढ़कर सात हो चुकी है और 70 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं।'उन्होंने कहा कि मैं उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं और अस्पताल में भर्ती लोगों को उच्च-गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।

इस बात को ध्यान में रखते हुए कि यह दुखद हादसा संयंत्र में सही रखरखाव न होने के कारण हुआ, उन्होंने मांग किया कि इसकी सही जांच होनी चाहिए और गलत कार्य में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

टिनसीसी अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थागाई समेत विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने भी इस त्रासदी पर शोक व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित