डूंगरपुर , मई 16 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि मोदी सरकार में गरीब को सशक्त करने की मंशा से काम हुआ और उसी का परिणाम है कि देश में 30 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकले हैं।
श्री शेखावत शुक्रवार देर रात डूंगरपुर भिलुड़ा में रात्रि चौपाल एवं ग्राम कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज देश में अनेक ऐसे लोग होंगे जो गरीबी रेखा से बाहर निकलकर सम्मान के साथ में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड की आपदा आई, प्रधानमंत्री ने तय किया कि हर गरीब को राशन मिलना चाहिए। देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया गया, जो आज भी मिल रहा है।
उन्होंने राजस्थान की भजनलाल सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब देश में 30 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए, तब प्रदेश सरकार ने लोगों से अपील की कि जो लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं, वो बीपीएल कार्ड सरेंडर करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रेरणा से राजस्थान में 80 लाख लोगों ने बीपीएल कार्ड सरेंडर किया। इन लोगों ने कह दिया कि हमें बीपीएल कार्ड नहीं चाहिए, ये कार्ड उन्हें दिए जाएं, जो इसके असली पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह देश को परिवर्तित करने लिए मोदी सरकार ने काम किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित