शिलांग , जून 04 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर को उग्रवाद के अभिशाप से मुक्त कर दिया है।
श्री शाह ने पूर्वोत्तर परिषद के 73वें पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी ने 'संपूर्ण-सरकार' दृष्टिकोण के जरिए इस विशाल क्षेत्र के लिए पूर्ण समर्पण और संवेदनशीलता के साथ काम किया है। उन्होंने जोर दिया कि श्री नरेन्द्र मोदी के अलावा शायद ही कोई ऐसा प्रधानमंत्री हुआ हो जिसने पूर्वोत्तर के विकास के प्रति इतने निरंतर ध्यान और समर्पण के साथ काम किया हो।
उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान रखी गयी मजबूत नींव पर अब एक विकसित पूर्वोत्तर का निर्माण किया जा रहा है। पिछले 12 वर्षों में, इस क्षेत्र के सभी राज्यों में महत्वपूर्ण गुणात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि विकास की नींव केवल सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव के स्तंभों पर ही रखी जा सकती है। पूर्वोत्तर में विभिन्न संघर्षों को सुलझाने के लिए 12 से अधिक शांति समझौते किए गए हैं और 10,800 से अधिक युवाओं को हथियार त्यागने के बाद मुख्यधारा में लाया गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में इस क्षेत्र में व्यवस्थित बुनियादी ढांचागत विकास हुआ है तथार बेहतर रेल, सड़क और हवाई संपर्क ने दिल्ली और पूर्वोत्तर के बीच की दूरी को काफी कम कर दिया है। यह बताते हुए कि मोदी सरकार के 12 वर्षों के दौरान इस क्षेत्र का बुनियादी ढांचा कई गुना बढ़ा है, उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में, पूर्वोत्तर की विविधता दुनिया के सामने एक बड़ी ताकत के रूप में उभरी है। उन्होंने कहा, "आज पूरी दुनिया पूर्वोत्तर को अवसरों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में पहचानती है। कभी मुख्य रूप से अपने संघर्षों के लिए जाने जाने वाला यह क्षेत्र अब अपने सह-अस्तित्व और सद्भाव की भावना के लिए पहचाना जाता है।"केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि पूर्वोत्तर की समृद्ध विविधता को संरक्षित और मजबूत करना सभी हितधारकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह क्षेत्र 200 से अधिक जनजातीय समूहों, 195 से अधिक बोलियों और विविध प्रकार की संस्कृतियों, व्यंजनों और पारंपरिक परिधानों का घर है। उन्होंने जोर दिया कि इस साझा सांस्कृतिक विरासत को फिर से ज़िंदा करके और उसका पोषण करके प्रधानमंत्री की परिकल्पित 'अष्टलक्ष्मी' के विज़न को ज़मीनी हकीकत में बदला जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित