झुंझुनू , मई 19 -- राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी और महंगाई को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने कहा है कि तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय होती हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन कीमतों को काफी हद तक नियंत्रित किया हुआ है।

श्री चौधरी मंगलवार को राजस्थान में झुंझुनू में किसान मोर्चा की बैठक में शामिल होने आये थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने राष्ट्रहित में ईंधन की बचत करने का आह्वान किया।

इससे पहले श्री चौधरी का हवाई पट्टी के पास युवा सामाजिक कार्यकर्ता भूपेश सोनी के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और श्री चौधरी के समर्थक मौजूद रहे। श्री चौधरी के स्वागत में फूलों की बारिश की गई और जमकर नारेबाजी हुई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें हल भेंट कर सम्मानित भी किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद वह पूरे राजस्थान का दौरा कर रहे हैं और हर जिले में जाकर किसानों से सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों को उन्नत और विकसित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

श्री चौधरी ने कहा कि किसानों की छोटी से छोटी समस्या का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य से सरकार योजनाओं को जमीन तक पहुंचा रही है।

कार्यक्रम में राज्य ओबीसी आयोग के सदस्य पवन मावंडिया, भाजपा नेता विनोद पूनियां सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित