नयी दिल्ली , जून 17 -- मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों के तहत दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को सफाई अभियान चलाया।
भाजपा की ओर से 12 साल सेवा के, सुशासन के और जनकल्याण के नाम से शुरू किये गये अभियान के दौरान दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर मुख्य बाजार में स्थानीय विधायक अभय वर्मा के साथ स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और कहा कि स्वच्छता एक निरंतर चलने वाला कार्य है।
श्री मल्होत्रा ने दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मियों तथा अन्य निजी सफाई कर्मियों के सेवा कार्य की सराहना की और कहा कि दिल्ली की गलियों और सड़कों को साफ रखने के लिए हम सबको कूड़ा इधर उधर ना फेंकने का संकल्प लेना होगा।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता कांगड़ा, शाहदरा जिलाध्यक्ष श्री दीपक गाबा, पार्षद रामकुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।
वहीं, दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा ने कनाट प्लेस के हनुमान मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस मौके पर दिल्ली भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने भी स्वच्छता कार्य किया।
दिल्ली भाजपा के कार्यालय मंत्री बृजेश राय, प्रवक्ता यासिर जिलानी और नयी दिल्ली जिलाध्यक्ष रविन्द्र चौधरी सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। दिल्ली भाजपा की महामंत्री एवं सांसद कमलजीत सहरावत तथा दिल्ली सरकार में मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ नजफगढ़ स्थित श्री साईं बाबा मंदिर में स्वच्छता कार्य किया।
इसी तरह से सांसद मनोज तिवारी ने उत्तर पूर्व दिल्ली संसदीय क्षेत्र के अशोक नगर मुख्य सड़क की सफाई की। इस अवसर पर कहा," यह स्वच्छता अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से हम कर रहे है, उन्हीं को समर्पित है और हम सबको इसमें भागीदारी निरंतर निभानी होगी।"इसके अलावा दक्षिणी दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा, मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा और सांसद योगेन्द्र चंदोलिया सहित अन्य नेताओं ने भी अलग-अलग स्थानों पर सफाई अभियान चलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित