नैनीताल , जून 19 -- उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष विकास, सुशासन, जनकल्याण और जनविश्वास के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक और सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है।
नैनीताल में आयोजित प्रेसवार्ता में श्री दास ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया, 2019 में उसे और मजबूत किया तथा 2024 में लगातार तीसरी बार जनादेश देकर विकास की राजनीति पर अपनी मुहर लगा दी। उन्होंने कहा कि जनता का यह विश्वास केंद्र सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद श्री मोदी ने सबसे पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की फाइल पर हस्ताक्षर कर यह स्पष्ट कर दिया कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाएं हैं। सरकार ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है। श्री दास ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव से करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है और बड़ी संख्या में लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। डिजिटल इंडिया और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) व्यवस्था ने सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ भ्रष्टाचार पर भी प्रभावी अंकुश लगाया है।
उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित सुशासन के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और सरकारी धन की बचत सुनिश्चित हुई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी निर्णायक कार्रवाइयों ने दुनिया को भारत की नई शक्ति और दृढ़ संकल्प का परिचय कराया है। वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी तेजी से सुधार हुआ है और विकास की नई राहें खुली हैं।
श्री दास ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। आने वाले समय में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र सरकार इसी प्रतिबद्धता और गति के साथ कार्य करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित