भोपाल , जून 13 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज शनिवार को भोपाल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर राम मंदिर निर्माण तक देश का वैश्विक और सांस्कृतिक स्वरूप बदला है तथा भारत आज वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, तकनीकी नवाचार, डिजिटल सेवाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि भारत अब अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के मामलों में किसी प्रकार का समझौता नहीं करता तथा विश्व मंच पर प्रभावी भूमिका निभा रहा है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, विश्वास और आत्मविश्वास का नया युग स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिना किसी भेदभाव के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने राजनीतिक स्थिरता, पारदर्शी प्रशासन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति देखी है। नई शिक्षा नीति, स्टार्टअप और डिजिटल इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण का स्वर्णिम अध्याय लिखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन तथा महिलाओं के सशक्तिकरण की योजनाओं ने समाज के कमजोर वर्गों को नई ताकत दी है।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित