चंडीगढ़ , जून 20 -- केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा मजबूत हुई है।
उन्होंने पलवल में क्लॉक टावर के निकट आयोजित स्वच्छता अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्वयं श्रमदान कर लोगों से स्वच्छता अभियान में भागीदारी का आह्वान किया। इसके बाद 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका भी वितरित की गई।
श्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और रक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं। देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे का विस्तार हुआ है, एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ी है तथा एमबीबीएस सीटों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रेलवे के आधुनिकीकरण और विद्युतीकरण से यातायात व्यवस्था मजबूत होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास को प्राथमिकता दी है। नई कर व्यवस्था के तहत 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर आयकर राहत देकर मध्यम वर्ग को बड़ी सुविधा प्रदान की गई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और भारत वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित