बैतूल , मई 31 -- भारतीय जनता पार्टी जिला बैतूल द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पांच जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत महाभियान चलाया जाएगा।
भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 12 वर्षीय कार्यकाल विकास, सुशासन और जनकल्याण का पर्याय बन चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से लोगों को आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा जैसी सुविधाएं व्यापक स्तर पर मिली हैं। आयुष्मान भारत सहित किसान और महिला हितैषी योजनाओं ने समाज के विभिन्न वर्गों को सशक्त बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर संवाद और जनसंपर्क करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आठ से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान, 11 और 12 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम तथा 12 से 18 जून तक जनकल्याण शिविर और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 15 से 18 जून तक विभिन्न सभाएं, 19 और 20 जून को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशालाएं तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बूथ स्तर तक सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में विधायक चंद्रशेखर देशमुख, योगेश पंडाग्रे, गंगा उइके सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित