नयी दिल्ली , जून 10 -- कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक अवधि तक निरंतर सेवा करने रिकॉर्ड बनाने पर तंज कसते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिस उपलब्धि का जश्न मना रही है, वह वास्तव में देश की बर्बादी का जश्न है।
श्री तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकाल के मामले में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल लाल नेहरू का रिकॉर्ड भले ही पार कर लिया हो लेकिन उनकी (जवाहरलाल नेहरू) उपलब्धियों की बराबरी नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि श्री नेहरू ने आजादी के बाद बिखरे हुए भारत को एकजुट करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और विकास की नींव रखने का काम किया था, जबकि वर्तमान सरकार पर समाज को बांटने और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने के आरोप लग रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जनता से किये गये कई प्रमुख वादे पूरे नहीं किये। उन्होंने कहा कि हर खाते में 15 लाख रुपये जमा कराने, हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी कमी लाने जैसे वादे केवल चुनावी जुमले साबित हुए हैं। श्री तिवारी ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और विदेश नीति को लेकर भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आने वाले समय में मोदी सरकार के ये 12 वर्ष देश के इतिहास में एक "काले अध्याय" के रूप में याद किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित