बीजापुर , जून 15 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के दौरान 12 वर्षों में देश में विकास, सुशान और जनकल्याण को नयी दिशा मिली है।
बीते 12 वर्षों मेंकेंद्र में श्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यहां स्थित भाजपा कार्यालय अटल सदन में सोमवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। इस दौरान श्री पांडेय ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने केवल आर्थिक और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और जनधन योजना जैसी पहल ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। डिजिटल गवर्नेंस और सीधा लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ी है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट और ग्रामीण सड़कों का तेजी से विस्तार हुआ है। साथ ही भारत ने जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैश्विक मंचों पर बढ़ती भूमिका और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के माध्यम से दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है और सेवा, सुशासन तथा जनविश्वास के आधार पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग, संगठन प्रभारी दीपेश अरोरा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, प्रवक्ता मथियास कुजूर, मीडिया प्रभारी प्रताप यादव, मंडल अध्यक्ष अशोक राव तथा पत्रकार उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित