ग्रेटर नोएडा , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, ओडिशा भाजपा प्रभारी एवं पूर्व सांसद विजयपाल सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र को आत्मसात करते हुए सेवा, सुशासन और जनकल्याण को शासन का मूल आधार बनाया है।
वह भाजपा के मंगलवार को ग्रेटर नोएडा पश्चिम स्थित एक निजी स्कूल में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन में लोगों को संबोधित कर रहे थे। श्री तोमर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की जनता ने यह सिद्ध किया है कि जब निर्णय राष्ट्रहित में लिए जाते हैं तो सरकार केवल शासन का माध्यम नहीं रहती, बल्कि जनसेवा का सशक्त साधन बन जाती है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों की यात्रा भारत की जनता और नेतृत्व के बीच बने अटूट विश्वास की कहानी है, जिसने देश की दिशा और दशा दोनों को बदल दिया है। आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में सक्षम है और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। जो भारत कभी हथियार आयात करता था, वही आज विश्व के अनेक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला एनडीए आज देश के 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में जनता की सेवा कर रहा है। यह केवल राजनीतिक विस्तार नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का विस्तार है।
सम्मेलन में शामिल उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के बीते 12 वर्षों का मूल उद्देश्य राष्ट्र निर्माण रहा है। उन्होंने कहा कि नया भारत, नई अर्थव्यवस्था और नया विश्वास आज पूरी दुनिया के सामने एक मिसाल बन चुका है। वर्ष 2014 से 2026 तक की यात्रा में भारत ने विकास, सुरक्षा और समृद्धि के नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि विकास कोई सीमित अवधि का कार्यक्रम नहीं बल्कि 24 घंटे, सातों दिन और पूरे वर्ष चलने वाला मिशन है। आज देश की कार्य संस्कृति में बड़ा बदलाव आया है और सरकार द्वारा जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाता है, उनका समयबद्ध उद्घाटन भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण के स्वर्णिम वर्ष साबित हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित