बारां , जून 22 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया।

श्री परनामी ने सोमवार को यहां पत्रकारों से कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार मिले जनादेश जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और सामरिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। देश अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने किसानों के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से करोड़ों किसानों के खातों में सीधे सहायता राशि पहुंचायी गयी है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना से सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया, जबकि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जरिए लाखों हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधाओं से जोड़ा गया। प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना किसानों को वृद्धावस्था में सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रही है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, जनधन खाते, स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदी योजना जैसे प्रयासों ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। साथ ही आयकर छूट सीमा बढ़ाए जाने से मध्यम वर्ग को भी राहत मिली है।

प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के आधारभूत ढांचे में ऐतिहासिक निवेश हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, ग्रामीण सड़कों का निर्माण, रेलवे का विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार ने देश की विकास यात्रा को नई गति दी है। उन्होंने चेनाब ब्रिज, अटल टनल सहित विभिन्न राष्ट्रीय परियोजनाओं को नए भारत की विकास गाथा का प्रतीक बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित