जालंधर , मार्च 29 -- पूर्व सांसद और पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष श्वेत मलिक ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल की जमकर सराहना की।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह अवधि देश के लिए 'बेमिसाल' और 'स्वर्ण युग' की नींव है, जिसमें देश ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल क्रांति और जन कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है।

मलिक ने मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का विवरण देते हुए कई आंकड़े भी रखे। आर्थिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए मलिक ने कहा कि 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान पर थी, जो आज चौथे स्थान पर आ चुकी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाकर सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में 44 लाख करोड़ रुपये पहुँचाए हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य 15 अगस्त 2047 तक भारत को एक 'आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र' बनाना है। इस अवसर पर उनके साथ राकेश राठौर और अशोक सरीन हिक्की सहित अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित